जय श्रीराम जय हनुमान के जयकारे और श्रद्धालुओं की हर्षध्वनि के बीच शुक्रवार को पटना जंक्शन स्थित तीन सौ वर्ष पुराने महावीर मंदिर में महावीर मंदिर पटना चैनल का शुभारंभ हुआ। राज्यपाल फागू चौहान के हाथों इस नए चैनल की शुरुआत हुई। इसके साथ ही अब दुनियाभर में सनातन धर्मावलंबी पटना जंक्शन महावीर मंदिर से महावीर जी का दर्शन लाइव कर सकेंगे। सुबह पांच बजे से रात के 11 बजे तक यानी 18 घंटे तक श्रद्धालु हनुमानजी का पूजन,आरती लाइव देख सकेंगे। यह देश का पहला ऐसा हनुमान मंदिर है, जहां जियो रिलायंस ने लाइव दर्शन की सुविधा शुरू की है। पूर्वी भारत में भी कुछ मंदिरों में ही लाइव दर्शन की सुविधा है।

अपराह्न करीब तीन बजे से ही महावीर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जमा होने लगी थी। करीब साढ़े तीन बजे राज्यपाल फागू चौहान के हाथों महावीर मंदिर पटना चैनल का उद्घाटन हुआ। राज्यपाल ने इस मौके पर न्यास की ओर से श्रवण पुरस्कार के लिए चयनित सात लोगों को पुरस्कार और चेक देकर सम्मानित किया। इनमें दो को तीसरे पुरस्कार के लिए और पांच को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। तृतीय पुरस्कार के लिए दो व्यक्तियों को 25-25 हजार रुपए की राशि और समर्पण पुरस्कार के लिए चयनित सभी पांच व्यक्तियों को दस-दस हजार रुपए तथा प्रमाणपत्र दिये गये। मौके पर जियो रिलायंस के उपाध्यक्ष बालकृष्ण अय्यर भी मौजूद थे।

राज्यपाल ने प्रसन्नता जतायी कि अब पटना के महावीर मंदिर से महावीर जी का दर्शन लोग देश-दुनिया के किसी हिस्से से देख सकेंगे। महावीर मंदिर न्यास समिति ने यहां मुख्य पुजारी के पद पर अभिवंचित समाज के पुजारी को बिठाकर जो सम्मान दिया है, वह देश के हर मंदिर के लिए अनुकरणीय है। यह मंदिर इस तरह के समाज को जोड़ने में महती भूमिका निभा रहा है।

मंदिर की ओर से पांच अस्पताल चलाए जा रहे हैं, जहां गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों का सस्ती दर पर इलाज किया जाता है। 18 वर्ष तक के लोगों को कैंसर का मुफ्त इलाज किया जाता है। साथ ही अयोध्या और पुनौरा धाम, सीतामढ़ी में राम रसोई की व्यवस्था की गयी है। भारतीय संस्कृति के अनुसार हमें सभी धर्मों के प्रति आदर का भाव रखना है। सबको एक समान देखना है ताकि सामाजिक समरसता कायम रहे। वहीं यह न्यास श्रवण पुरस्कार देकर युवा तबके को अपने माता-पिता के प्रति आदर और सम्मान का भाव रखने को प्रेरित कर रहा है।

इसके पूर्व महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि खुशी की बात है कि जियो रिलायंस ने देशभर के हनुमान मंदिरों में पटना के हनुमान मंदिर को सबसे पहले लाइव दर्शन के लिए चुना है। साथ ही कहा कि महावीर मंदिर पटना की ओर से माता-पिता की निःस्वार्थ शारीरिक सेवा-सुश्रुषा के लिए सात लोगों को श्रवण पुरस्कार दिया जा रहा है।

मौके पर जियो बिहार के प्रमुख प्रदीप कुमार, बिहार धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष अखिलेश कुमार जैन, पूर्व गृह सचिव जियालाल आर्य, सेवानिवृत्त जज जस्टिस राजेंद्र प्रसाद ने भी अपने विचार रखे। धन्यवाद ज्ञापन मेजर बलवीर सिंह भसीन ने किया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *