ऑर्केस्ट्रा प्रोग्राम में डांसरों के साथ ठुमका लगाना बछवाड़ा थाने के एसआई प्रमोद कुमार को महंगा पड़ा। उन्हें ड्यूटी में लापरवाही बरतने व ऑन ड्यूटी वर्दी पहनकर स्टेज पर डांसरों के साथ डांस करने के आरोप में एसपी अवकाश कुमार ने निलंबित कर दिया है। एसपी ने उक्त कार्रवाई मामले का वीडियो वायरल होने व जांच में सत्य पाए जाने पर की है।
चिरंजीवीपुर गांधी टोल में 20 अक्टूबर की रात दुर्गा पूजा के अवसर पर ऑर्केस्ट्रा का प्रोग्राम चल रहा था। यहां सुरक्षा व्यवस्था की कमान उक्त सब इंस्पेक्टर को सौंपा गया था। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उक्त सब इंस्पेक्टर शराब की नशे में धुत्त था। प्रोग्राम के दौरान जब ‘दिल दीवाना बिन सजना के माने ना’ गीत पर डांसरों ने डांस शुरू की, तो उन्होंने अपना आपा ही खो दिया। अपनी ड्यूटी व वर्दी की मर्यादा को भी भूल गए। मंच पर चढ़कर डांसरों के साथ डांस करने में मशगूल हो गए।

वर्दी में स्टेज पर फूहड़ प्रदर्शन कर रहे उक्त दारोगा की तस्वीर का दर्शकों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने उसके करतूत का वीडियो भी वायरल कर दिया। वायरल वीडियो को देख लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। एसपी ने वायरल वीडियो की तत्क्षण जांच करवाई। जांच में उक्त सब इंस्पेक्टर को दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।
एसपी ने कहा कि बछवाड़ा थाने में कार्यरत एसआई प्रमोद कुमार राम के गैर मर्यादित आचरण का मामला सामने आया था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो जब मेरे संज्ञान में आया तब जांच करवाई और उक्त एसआई के दोषी पाए जाने पर उन्हें निलंबित किया गया है।


