भागलपुर में केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें भागलपुर के सर्किट हाउस में भर्ती कराया गया है। 2 बजे इन्हें एयर एम्बुलेंस से पटना लाया जाएगा। उन्हें वायरल फीवर के साथ टाइफाइड होने की पुष्टि हुई है। मंत्री ठाकुर एनडीए के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के लिए भागलपुर पहुंचे थे।
कल देर रात भागलपुर पहुंचने के बाद उन्हें तेज वायरल फीवर के लक्षण महसूस हुए। तुरंत डॉक्टरों की एक टीम को उनकी देखरेख के लिए बुलाया गया। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सहायक प्रोफेसर डॉ. आनंद सिन्हा ने बताया कि मंत्री को वायरल फीवर के साथ टाइफाइड भी है।
डॉ. सिन्हा ने यह भी जानकारी दी कि रामनाथ ठाकुर पहले से ही ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और प्रोस्टेट जैसी बीमारियों से पीड़ित हैं। हालांकि, उन्होंने आश्वस्त किया कि मंत्री की हालत फिलहाल स्थिर और पूरी तरह से नियंत्रण में है। उन्हें स्लाइन चढ़ाया गया है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।


भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने की मुलाकात
मंत्री की अस्वस्थता की खबर सुनते ही भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन, जदयू नेता कहकशां परवीन और भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह सहित कई प्रमुख नेता उनसे मिलने पहुंचे। सभी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर भागलपुर के नाथनगर विधानसभा के जगदीशपुर में आज होने वाले एनडीए के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने के लिए आए थे। उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण वह सम्मेलन में शामिल नहीं हो पाएंगे। इस सम्मेलन में प्रदेश के कई दिग्गज नेताओं को शिरकत करनी है।

