पूजा व रावण दहन को लेकर बुधवार को जोनल आईजी सुशील खोपड़े ने पुलिस अॉफिस में डीआईजी विकास वैभव, एसएसपी आशीष भारती समेत अन्य पुलिस अफसरों के साथ बैठक कर तैयारियों की जानकारी ली। डीआईजी ने बताया कि दुर्गा पूजा को लेकर पूरे जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। मुख्यालय से अतिरिक्त फोर्स भी मांगा गया है। शांति भंग करने वाले और दागियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। इसके तहत 2500 लोगों को सदर एसडीओ के ऑफिस में बांड भरवाया जाएगा। 1500 लोगों को बांड भरवा दिया गया है, 681 दागियों का नाम गुंडा पंजी में दर्ज किया गया है। पांच अपराधियों के खिलाफ सीसीए लगाने का प्रस्ताव जिलाधिकारी को भेजा गया है। फेकु मियां के बेटे इम्तियाज व एक अन्य पर सीसीए की मंजूरी मिल चुकी है।
स्टेशन चौक पर लगे आपत्तिजनक होर्डिंग की होगी जांच
डीआईजी ने बताया कि पूजा के दौरान शहर में लगने वाले राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के पोस्टर, होर्डिंग पर भी पुलिस की नजर रहेगी। स्टेशन चौक के एक होर्डिंग में आपत्तिजनक बातें लिखी हुई है, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है। इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर से होर्डिंग की जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। नगर निगम से भी अनुरोध किया गया है, होर्डिंग में लिखे गई बातों की जांच कर ले, ताकि उससे किसी की धार्मिक भावना को ठेस नहीं पहुंचे।

एसएसपी कार्यालय में दुर्गा पूजा को लेकर बैठक करते आईजी सुशील खोपड़े। साथ हैं डीआईजी विकास वैभव, एसएसपी आशीष भारती व अन्य।
रावण दहन स्थल पर एंबुलेंस, दमकल की होगी तैनाती
जिले में जहां-जहां दशहरे पर रावण दहन होता है, वहां पुलिस की तैनाती की गई है। मैदान में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। भीड़ नियंत्रण में समितियों से भी पुलिस मदद लेगी। कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस और दमकल की भी तैनाती होगी, ताकि किसी तरह की अनहोनी होने पर उससे निबटा जा सके। कार्यक्रम स्थल पर लाउडस्पीकर लगाए जाएंगे, ताकि सूचनाओं का प्रसारण किया जा सके। कार्यक्रम स्थल पर वॉच टावर बनाया गया है, जहां से पुलिसकर्मी निगरानी रखेंगे।

फ्लोरोसेंट वाले जैकेट पहनेंगे पुलिसवाले
डीआईजी ने बताया कि रावण दहन स्थल पर तैनात पुलिसकर्मियों को फ्लोरोसेंट वाले जैकेट दिये जाएंगे, ताकि अंधेरे में पुलिसकर्मियों की पहचान हो सके। जैकेट में रेडियम लगा रहता है, जो अंधेरे में चमकता है। ज्यादा भीड़ होने या भगदड़ की स्थिति में पुलिसकर्मी आसानी से पहचान में आ जाए और लोगों की मदद कर सके। दमकल फायर स्टेशन पर नहीं रख कर उसे नजदीकी थानों में रखा जाएगा। बैठक में सिटी डीएसपी राजवंश सिंह, डीएसपी मुख्यालय एमके सुधांशु, शहर के सभी इंस्पेक्टर, थानेदार और खुफिया विभाग से अधिकारियों ने भाग लिया।


