भागलपुर : कहलगांव के अंतीचक गांव से सुल्तानगंज के एक गांव आने वाली बारात में दूल्हा शराब के नशे में बारात जाना ही भूल गया। नशा टूटने पर दूसरे दिन दुल्हन के घर पहुंचा तो दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। साथ ही लड़की के परिजनों ने बंधक बना लिया।
Total Downloads: 81
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को सुल्तानगंज के एक गांव में बारात आनी थी, जिसमें लड़का कहलगांव के अंतीचक का रहने वाला बताया गया। लेकिन लड़का ने शादी की खुशी में जमकर शराब पी ली। जिसके कारण शराब के नशे में धुत दूल्हा बारात लेकर शादी करने जाना ही भूल गया। शराब का नशा उतरने के बाद परिजनों ने जब दबाव दिया तो दूसरे दिन मंगलवार के दोपहर शादी करने पहुंचा। लेकिन शराब पीने की बात कहकर शादी से लड़की ने इनकार कर दिया। जिससे गांव में खलबली मच गई। लड़की के परिजनों ने शादी के इंतजाम में हुए खर्च की राशि को वापस करने की मांग को लेकर लड़के और व अन्य सहयोगी को बंधक बना लिया। साथ ही बंधक बनाने की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।
लड़की के परिजनों ने बताया कि सोमवार को शादी होनी थी लेकिन मंगलवार सुबह तक बरात नहीं पहुंचने पर लड़के के परिजनों से संपर्क किया तो लड़के के परिजन ने दवाब के बाद दूल्हे को शादी के लिए राजी कराकर दुल्हन के घर भेजा। जिसके बाद मंगलवार दोपहर बाद लड़का अपने सहयोगी को लेकर लड़की के घर शादी करने पहुंचा। लेकिन लड़की ने नशेड़ी दूल्हा की बात कहकर शादी से इनकार कर दिया। जिसके बाद लडकी पक्ष के लोगों ने शादी के इंतजाम मे खर्च हुए राशि के वापस करने की मांग लड़का के परिजनो से करने लगे। लड़के के कुछ सहयोगी राशि लाने कहलगांव गये। जिसके बाद मामला शांत हुआ। थाना पुलिस ने बताया कि मौखिक जानकारी दी गई है। दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

नगर परिषद वार्ड संख्या सात के पार्षद मो. इजराईल ने बताया कि लड़की ने शादी से इनकार करने पर दोनों पक्षों में आपसी समझौता करा दिया गया। साथ ही शादी के लिए किए गए खर्च की राशि लड़का पक्ष के द्वारा दिया गया।
