नवगछिया: प्रखंड के मड़वा गांव स्थित मिनी देवघर के नाम से प्रसिद्ध बाबा ब्रजलेश्वरनाथ धाम में सावन की पहली सोमवारी पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अलसुबह से ही शिवभक्तों का मंदिर की ओर आना शुरू हो गया और देर शाम तक मंदिर परिसर एवं आसपास का इलाका ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा।
Total Downloads: 79
भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें पूरे दिन लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलाभिषेक कर बाबा ब्रजलेश्वरनाथ की पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि व परिवार की खुशहाली की कामना की।
मंदिर समिति के अनुसार, सावन की पहली सोमवारी पर करीब 12 हजार डाकबम सहित लाखों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने बाबा ब्रजलेश्वरनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक किया। बड़ी संख्या में दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूजा-अर्चना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
सावन की पहली सोमवारी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर मड़वा स्थित बाबा ब्रजलेश्वरनाथ धाम की धार्मिक महत्ता और क्षेत्र में उसकी लोकप्रियता को साबित कर दिया। यहां पूरे दिन भक्ति, आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा।
