जय बाबा बासुकीनाथ सेवा समिति भागलपुर की ओर से रविवार को सुबह 7 बजे बाबा बूढ़ानाथ मंदिर प्रांगण से बाबा बासुकीनाथ के लिए भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों पुरुष व महिला श्रद्धालु शरीक हुए। शोभायात्रा के दौरान बाबा बासुकीनाथ व बाबा बूढ़ानाथ के जयकारे से पूरा शहर गुंजायमान रहा। निशान शोभायात्रा बूढ़ानाथ मंदिर प्रांगण से निकलकर नयाबाजार, कोतवाली चौक, खलीफाबाग चौक, वेरायटी चौक, स्टेशन चौक, लोहिया पुल होते हुए अलीगंज के रास्ते बासुकीनाथ के लिए प्रस्थान की। बासुकीनाथ सेवा समिति के सदस्य प्रकाश डोकानियां ने बताया कि 22 अक्टूबर को मुख्य कार्यक्रम बासुकीनाथ में किया जाएगा। सुबह थाल पूजा, शाम में भव्य रुद्राभिषेक, भव्य शृंगार किया जाएगा। इसके अलावा कोलकाता के कलाकार नृत्य-नाटिका और भजन की प्रस्तुति देंगे। 23 अक्टूबर को भव्य भंडारा का आयोजन किया जाएगा। समिति इस बार बाबा बासुकीनाथ को द्वितीय भेंट प्रस्तुत करने जा रही है। शोभायात्रा में सत्यनारायण मालाकार, जितेन्द्र भारती, मुकेश चौरसिया, विद्यानंद यादव, रवींद्र साह, पप्पू यादव, सुमित अग्रवाल, संतोष मंडल, मनोज वर्मा, राधा देवी, वीणा देवी, पूनम मंडल, पुष्पा देवी, प्रीति कुमारी, पूनम जैन आदि शामिल थे।
श्रद्धालुओं ने की बाबा बूढ़ानाथ की पूजा
बासुकीनाथ प्रस्थान करने से पहले जय बाबा बासुकीनाथ सेवा समिति के जत्थे में शामिल भक्तों ने बाबा बूढ़ानाथ की पूजा-अर्चना की। जत्थे में शामिल श्रद्धालु सुबह करीब 6 बजे ही बूढ़ानाथ मंदिर में पहुंच गए थे। भक्तों ने बाबा की अराधना के बाद उनकी आरती उतारी और फिर निशान शोभायात्रा में शामिल हुए।

बूढ़ानाथ मंदिर प्रांगण में 28 से बहेगी अध्यात्म की गंगा
भागलपुर | बूढ़ानाथ मंदिर परिसर में श्रीरामचरितमानस नवाहपरायण पाठ व श्रीराम कथा का नौ दिवसीय आयोजन 28 अक्टूबर से होगा। श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ समिति और बाल हनुमान सेवा ट्रस्ट की ओर से 20वां आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक काशी के बाल व्यास पंडित विजय शंकर चतुर्वेदी होंगे। आयोजन समिति के संयोजक अभ्युदय दत्ता ने बताया कि बाल व्यास पंडित विजय शंकर चतुर्वेदी महाराज 26 अक्टूबर को बनारस से भागलपुर पहुंचेंगे। उनके साथ 41 पंडितों की टीम काशी से और 14 पंडित भागलपुर के कुल 54 पंडित प्रतिदिन नवाह्पारायण पाठ करेंगे। आयोजन को सफल बनाने में धरनीधर मिश्रा, श्याम प्रसाद घोष, निर्मल चन्द्र झा, दीपक घोष, अभय कुमार घोष, केशरी सिंह, प्रभुदयाल टिबड़ेवाल, अभ्युदय दत्ता, चंदन कर्ण, अरविंद सिन्हा, विनय सिन्हा आदि जुटे हुए हैं।


