भागलपुर. शहर से सटे सबौर थाना क्षेत्र के धनकर रोड पर सोमवार दोपहर 12 बजे अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर मो इनामुल हक (35) की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी. मो इनामुल हक धनकर गांव का ही रहने वाला था. मो इनामुल हक जीरोमाइल पेट्रोल पंप से घर लौट रहे थे.
Total Downloads: 101
इसी दौरान आधा दर्जन से अधिक की संख्या में पहले से घात लगाये अपराधियों ने उनकी बाइक रोकी. बाइक के रुकते ही देखते ही देखते ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. जिससे घटनास्थल पर ही इनामुल की मौत हो गई.
बताया जा रहा है इनामुल को सीने, गर्दन और सिर में पांच गोली मारी गई है. पुलिस ने घटनास्थल से एक दर्जन से अधिक गोलियों के खोखे बरामद किये हैं. घटनास्थल से पुलिस ने इनामुल की खून से सनी पल्सर मोटरसाइकिल और हेलमेट भी बरामद किया है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि तीन की संख्या में आये हमलावरों ने गोली मारकर एक नीले रंग की बाइक से फरार हो गये. वही 4-5 लोग पहले से ही बगीचे में घात लगाकर बैठे हुए थे. पुलिस ने बताया कि इनामुल का घर महज 150 मीटर की दूरी पर है.
परिवार के लोगों का कहना है कि कुछ दिन पूर्व ही इनामुल का एक व्यक्ति से जमीन को लेकर विवाद हुआ था. उसने इनामुल को जान से मरने की धमकी भी दी थी. पुलिस सभी बयानों को दर्ज कर जांच कर रही है.
