मायागंज अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में शनिवार को भर्ती महिला मरीज के लिए फर्जी सर्टिफिकेट व डोनर कार्ड के जरिये खून लेने आया दलाल ब्लड बैंक में पकड़ा गया। पकड़े गये दलाल को ब्लड बैंक में करीब दो घंटे तक बिठाकर बनाकर रखा गया था और इसकी सूचना अस्पताल अधीक्षक को दी गयी। मौके पर पहुंचे अधीक्षक ने दलाल से पूछताछ करने के बाद उसे छोड़ने का आदेश दिया।
मायागंज अस्पताल के स्त्री एवं प्रसव रोग विभाग में भर्ती महिला मरीज सोनी कुमारी के लिए ए पॉजिटिव खून लेने के लिए एक दलाल शनिवार को सुबह 11 बजे ब्लड बैंक पहुंचा। दलाल ने बिना खून दिये ही खून लेने के लिए तिलकामांझी निवासी अमित कुमार मंडल के नाम पर जारी रक्तदान सर्टिफिकेट और डोनर कार्ड ब्लड बैंक के टेक्नीशियन को दिया।

टेक्नीशियन ने सर्टिफिकेट पर जब ब्लड बैंक की तत्कालीन प्रभारी डॉ. रेखा झा व चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिव्या सिंह का फर्जी सिग्नेचर देखा तो पाया कि सर्टिफिकेट व डोनर कार्ड न तो ब्लड बैंक द्वारा जारी किया गया है और न ही इस पर अधिकारियों के हस्ताक्षर ही असली है। खून लेने आये युवक को तत्काल ब्लड बैंक के एक कमरे में बंद करके रखा गया और इसकी सूचना अस्पताल अधीक्षक को दी गयी। पूछताछ में पकड़े गये युवक ने अपना नाम शिवम कुमार, पिता का नाम उमेश चौधरी निवासी सुल्तानगंज बताया।

