भागलपुर : बंगाल की खाड़ी से लेकर ओडिशा के तटीय क्षेत्रों तक तबाही मचाने के बाद चक्रवाती तूफान यास का असर मंगलवार दोपहर तक झारखंड में होने लगेगा। शाम के बाद यास इफेक्ट के कारण भागलपुर समेत पूर्वी बिहार में झमाझम बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान करीब 30 से 35 किमी प्रतिघंटे की औसत रफ्तार से तेज पूरवा हवा के साथ तेज बारिश होगी। अनुमान है कि मंगलवार को करीब 35 से 40 मिमी के बीच बारिश होगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में चार से पांच तो न्यूनतम में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। इससे मौसम ठंढा-ठंढा, कूल-कूल हो जायेगा।
Total Downloads: 92
सोमवार को दिनभर तेज धूप रही। घर हो या बाहर हर जगह लोगों को गर्मी ने सताया और पसीने छुड़ा दिये। 24 घंटे में दिन के तापमान में 0.8 डिग्री व रात के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 39.0 व न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य तापमान से एक व दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सोमवार की सुबह 84 प्रतिशत रही आर्द्रता दिन में हुई तेज धूप के कारण शाम साढ़े पांच बजे तक कम होकर 64 प्रतिशत पर आ गयी। जबकि दिनभर 5.3 किमी प्रतिघंटे की औसत रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवा बही।

28 मई तक मध्यम से भारी बारिश के आसात
मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को चक्रवाती तूफान यास का असर भागलपुर पहुंचते ही मौसम बदल जायेगा। शाम से लेकर रात आठ बजे तक तेज हवाओं संग बारिश का दौर शुरू हो जायेगा, जो कि आगामी 28 मई तक चलेगा। इस दौरान हल्की से लेकर भारी बारिश होने का अनुमान है।

