लॉकडाउन का पालन कराने के लिए रविवार को पुलिस सख्त दिखी। बिना मास्क वाले को डंडे से पीटा, मुर्गा बनाकर सड़क पर कूद कराया और साइकिल को कंधे पर रखकर दौड़ाया। एसएसपी ने थानेदारों को लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया।

वहीं दोपहर सड़क पर काफी लोग आ-जा रहे थे लेकिन पुलिस उसे रोक नहीं रही थी। रविवार सुबह से पुलिस शहर के चौक-चौराहों पर सख्त दिख रही थी। बिना मास्क पहनने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया था।

ट्रैफिक थानेदार रवीन्द्र महतो ने लोहिया पुल के पास सब्जी खरीदने आए लोगों को मास्क नहीं पहनने पर टोका और मास्क खरीदने को कहा लेकिन कई लोग मुंह लड़ाने लगे। थानेदार ने डंडे से पिटाई कर मास्क पहनने को कहा। इसी तरह रिक्शा चालक और बाइक सवार की भी जगह-जगह खबर ली गई। स्टेशन चौक पर पैदल यात्री को मुर्गा बनाकर सड़क पर कूद कराया। तिलकामांझी चौक पर पैदल यात्री को घुटने के बल सड़क पर चलाया गया। उसके बाद तिलकामांझी गोलंबर के चारों ओर घुमाया गया। साइकिल सवार को कंधे पर साइकिल लेकर दौड़कर चलने के लिए कहा गया।

सिटी डीएसपी राजवंश सिंह, ट्रैफिक डीएसपी आरके झा और शहर के सभी थानेदार व इंस्पेक्टर सुबह से सड़क पर दिख रहे थे। दुकानों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए लोगों को जागरूक कर रहे थे लेकिन बेवजह सड़क पर घूम रहे लोगों की पिटाई भी की गई। दिन के 12 बजे के बाद शाम चार बजे तक पुलिस सुस्त नजर आ रही थी। चौराहे पर पुलिस थके हालत में बैठे दिख रहे थे। इस दौरान काफी लोग सड़क पर पैदल चल रहे थे। घर के बाहर लोग कुर्सी लगाकर बैठे थे। बच्चे सड़क पर खेल रहे थे लेकिन उसे कोई रोकने वाला नहीं था। लोग लॉकडाउन का उल्लंघन करते नजर आ रहे थे। एसएसपी आशीष भारती ने कहा कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *