गजब! कैशियर को बातों में उलझाकर कैश काउंटर से 1.71 लाख ले उड़े शातिर। दरअसल शहर के चूड़ीपट्टी स्थित कैनरा बैंक की शाखा के कैश काउंटर में मंगलवार को प्रवेश कर बदमाशों ने 1 लाख 71 हजार रुपये उड़ा लिये।

ताज्जुब ये कि उस वक्त कैश काउंटर के कर्मी रामाशीष कुमार कार्य कर रहे थे। बावजूद इसके बदमाश घटना को अंजाम देने में सफल रहे। बदमाशों की संख्या 10 से ज्यादा थी। कैश काउंटर में सिर्फ एक ने प्रवेश किया था। यह घटना कैनरा बैंक में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।

बातों में उलझाकर रुपये थैला में लेकर फरार
बैंक के शाखा प्रबंधक अनुज आनंद ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना दिन के करीब 11 बजकर 40 मिनट पर हुई। बैंककर्मी बैंक कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान एक युवक बैंक के कैश काउंटर के केबिन में प्रवेश कर गया और कर्मी रामाशीष को अपनी बातों में उलझाकर कैश कांउटर पर रखे 1 लाख 71 हजार रुपये थैला में लेकर फरार हो गया।

कैश मिलान के दौरान घटना का पता चला
घटना के करीब 15 मिनट बाद कैश काउंटर के कर्मी रामाशीष कैश का मिलान करने लगे तो 1.71 लाख रुपये कम मिले। रामाशीष ने बैंक प्रबंधक अनुज आनंद को सूचना दी। बैंक में गार्ड की प्रतिनियुक्ति नहीं है। बैंक मैनेजर अनुज आनंद ने बताया कि घटना की लिखित सूचना पुलिस को दी गई है। कैनरा बैंक के वरीय अधिकारी को भी सूचना दे दी गई है। इधर, एसपी कुमार आशीष ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। घटना में शामिल बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....