भागलपुर: रेलवे बोर्ड ने भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई जनसाधारण एक्सप्रेस चलाने को हरी झंडी दे दी है। बोर्ड ने इसके लिए मालदा मंडल से फिजिबिलीटी रिपोर्ट मांगी है।
Total Downloads: 105
मालदा मंडल अगले सप्ताह रिपोर्ट बनाकर बोर्ड को भेजेगा। इसके बाद जनसाधारण एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो जाएगा। यह जानकारी बुधवार को स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे मंडल रेल प्रबंधक यतेंद्र कुमार ने दी।
उन्होंने कहा कि जनसाधारण एक्सप्रेस भागलपुर शाम 5.45 बजे आएगी और रात 11.10 बजे आनंद विहार टर्मिनल के लिए यहां से चलेगी। ट्रेन में सभी कोच जनरल क्लास की होंगे। इससे मजदूर और गरीब तबके के लोगों को काफी सहूलियत होगी। इसका ठहराव अभी निर्धारित नहीं हुआ है। डीआरएम ने कहा कि भागलपुर स्टेशन का स्वरूप छह माह के अंदर बदल जाएगा। विक्रमशिला विश्वविद्यालय की तरह जंक्शन का लुक होगा इस पर काम तेजी से चल रहा है। इससे इस इलाके के यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।

चैंबर के साथ की बैठक, मांगों पर आश्वासन
स्टेशन निरीक्षण के बाद डीआरएम अधिकारियों के साथ ईस्टर्न बिहार ऑफ चैंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यालय पहुंचे। अध्यक्ष अशोक भिवानी वाला और महासचिव रोहित झुनझुनवाला ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें हावड़ा जाने वाली सुपर एक्सप्रेस, गया-हावड़ा एक्सप्रेस और अपर इंडिया में एसी फस्र्ट, सेकंड और थ्री बोगियां बढ़ाने, हावड़ा के लिए दुरंतो, इंटरसिटी, बनारस के ट्रेन, भागलपुर इंटरसिटी का समय पटना से खुलने का 4.32 बजे करने संबंधित ज्ञापन दिया। मंडल परामर्श दात्री के सदस्य कुंज बिहार झुनझुनवाला ने महीने में बैठक बुलाने की मांग की। इस मौके उपाध्यक्ष अजीत जैन, नीरज कोटरीवाला, कोषाध्यक्ष मनीष बुचसिया, पीआरओ अभिषेक जैन, श्रवण बाजोरिया, अमरनाथ चमरिया, सुशील कोटरीवाला,जॉनी संथालिया, अशोक बंसल, अभिषेक डालमिया ,मनीष सिंघानिया ,आशीष सर्राफ, रमन साह, राम गोपाल पोद्दार सहित कई थे।
पर्यावरण संरक्षण के लिए स्टेशन को अवार्ड : स्टेशन और यहां से चलने वाली ट्रेनों में बेहतर साफ-सफाई के लिए स्टेशन को एनवाइरमेंटल मैनेजमेंट सिस्टम अवार्ड दिया गया। स्टेशन अधीक्षक समर सिंह और एसएस अख्तर को प्रशस्ति पत्र मिला।

