नगर थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास से बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा देने के लिए घर से निकली तीन छात्राओं का अपहरण कर लिया गया। इस मामले को लेकर नगर थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अपहृत छात्राओं के परिजन के बयान पर शिकायत दर्ज कर लड़कियों की सकुशल बरामदगी के लिए छानबीन शुरू कर दी है।

जिन छात्राओं का अपहरण हुआ है उनमें नगर थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन मोहल्ला निवासी श्रीभगवान की पुत्री सीमी कुमारी, नगर थाना क्षेत्र के पुरानी चौक मोहल्ले के निवासी परशुराम महतो की पुत्री प्रीती कुमारी और बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर बाजार निवासी अमरेश कुमार की पुत्री काजल कुमारी शामिल है।
लोकेशन से कई जगह हुईं ट्रेस

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की सीडीआर खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस इसके लिए आईटी सेल की मदद भी ले रही। फिलहाल एक आरोपी का लोकेशन पटना और दूसरे की उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में मिलने की बात बताई जा रही। जहां पुलिस टीम छापामारी के लिए निकल गई।
गोपालगंज के एसपी आनंद कुमार ने दो छात्राओं के अपहरण की पुष्टि करते हुए कहा कि इस पूरे मामले में कार्रवाई के लिए स्पेशल टीम का गठन किया गया है। एसपी ने कहा कि अपहृत छात्राओं को जल्द बरामद कर लिया जाएगा वहीं पुलिस अधिकारियों की माने ने एक छात्रा सीमी कुमारी को अगवा करने वाले आरोपी का लोकेशन अब दिल्ली में मिला है। पुलिस की एक टीम दिल्ली रवाना किये जाने की बात कही जा रही है।
बता दें कि नाबालिग छात्रा का 23 फरवरी को अपहरण कर लिया गया। सीमी कुमारी नामक छात्रा घर से पैदल बोर्ड का पेपर देने के लिए निकली थी। लेकिन वह घर नहीं लौटी। अपहरण के 48 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस को अब तक अगवा छात्रा का सुराग नहीं मिला है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। छात्रा की मां और नानी के आंखों के आंसू सूख चुके हैं और अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।

