बनमनखी : खेत में काम करने जा रही महिला के साथ बदसलूकी करने का विरोध करने पर दो गुटों में मारपीट हो गई। इस मारपीट में एक बुजुर्ग बुरी तरह जख्मी हो गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मामले जांच शुरू कर दी है। मारपीट में दोनों तरफ से दर्जन भर लोग जख्मी हुए हैं जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
Total Downloads: 170
मामला शुक्रवार देर शाम बनमनखी के धरहरा चकला भुनाई पंचायत के वार्ड सात स्थित मखनाहा शर्मा टोला की है। मृतक उसी गांव के डोली शर्मा थे। मृतक के पुत्र संतोष शर्मा के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसने पुलिस को बताया है कि रिश्ते की उसकी भाभी को खेत जाने के दौरान पहले से छुपे गांव के चन्देश्वरी शर्मा ने पीछे से पकड़ लिया और खेत की ओर ले जाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। बगल के खेत में काम कर रहे उसके पिता एक अन्य लोगों के साथ हल्ला सुनकर स्थल पर आए और चन्देश्वरी शर्मा के चंगुल से महिला को छुड़ाया।
शाम में महिला ने सारी आप बीती अपने परिवार के सदस्यों को बताई। जिसके बाद सभी मिलकर आरोपी से इस बावत पूछने गए थे जिसपर मारपीट हो गई। इसमें डोली शर्मा को गंभीर चोटें आई। उन्हें उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बनमनखी थानाध्यक्ष मेराज हुसैन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जबकि मामले में चन्देश्वरी शर्मा, सीताराम शर्मा, परमेश्वरी शर्मा, राजेश शर्मा उर्फ राजो शर्मा उर्फ कारी शर्मा एवं विनोद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

