मंडल कारा लखीसराय में शनिवार दोपहर बाद कैदियों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गयी। इससे जेल में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को गंभीर देखते हुए जेल प्रशासन ने पगली घंटी बजा दी।
जानकारी मिलते ही डीएम शोभेन्द्र कुमार चौधरी एवं एसपी कार्तिकेय शर्मा जेल पहुंचे और मामले को शांत कराया। मारपीट में एक गुट के दो कैदी रोशन सिंह एवं गौतम कुमार चोटिल हो गये जिसका इलाज जेल अस्पताल में कराया गया।
घटना के संबंध में जेल अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि जेल के वार्ड संख्या 16 के कैदी चंदन यादव, अनिल यादव, गोपी यादव एवं सार्जन यादव आपस में रिश्तेदार हैं। चारों बातचीत के दौरान आपस में गाली गलौज करते हुए लड़ने लगे। बीच बचाव करने के लिए वार्ड संख्या 16 का ही कैदी अमरेश यादव आया तो लड़ रहे कैदी और चिल्लाने लगे।

इस पर वार्ड 10 के कैदी रोशन सिंह एवं गौतम सिंह ने उन लोगों को शोर करने से मना किया। इसी दौरान चंदन यादव, अनिल यादव, गोपी यादव एवं सार्जन यादव लड़ाई छोड़ एकजुट हो गये और रोशन गुट के कैदियों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच जेल के अन्य कैदी भी वहां जमा हो गए और एक दूसरे गुट का समर्थन करने लगे।
लड़ाई के दौरान वार्ड 10 के कैदी रोशन एवं गौतम जख्मी भी हो गये, जिसका इलाज जेल अस्पताल में कराया गया। जेल अधीक्षक श्री कुमार ने कहा कि जेल के अंदर स्थिति को काबू कर लिया गया है और कैदियों को दंडित भी किया जाएगा।


