भागलपुर और विक्रमशिला पुल पर जाम से निजात के लिए नई व्यवस्था लागू होगी। जाम से राहत दिलाने के लिए नयी व्यवस्था से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। तात्कालिक तौर पर होमगार्ड के 250 अतिरिक्त जवान जिले में लगाये जाएंगे। ये जवान बांका, कहलगांव और नवगछिया की तरफ जानेवाली सड़कों पर तैनात किये जाएंगे। सरकार ने जवानों को भेजने पर सहमति जताई है। तीन-चार दिनों में जिले को होमगार्ड जवान मिल जायेंगे।
लोगों को उम्मीद थी कि मुख्य सचिव के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग (वीसी) में जाम से राहत पहुंचाने को ठोस पहल होगी पर ऐसा कुछ नहीं हुआ। मार्च तक जाम से लोगों को जूझना पड़ सकता है। डीएम प्रणव कुमार ने भी माना कि इस हालात में जाम की समस्या का समाधान संभव नहीं दिख रहा है। विक्रमशिला पुल व आसपास के क्षेत्रों में लग रहे जाम पर सरकार गंभीर हुई है।
शुक्रवार को मुख्य सचिव दीपक कुमार ने भागलपुर, बांका, कटिहार व पूर्णिया डीएम के साथ वीसी की। डीएम ने बताया कि अभी तैनात पुलिस व होमगार्ड के जवानों के अलावा 250 होमगार्ड जवानों की मांग की गयी। अपर मुख्य सचिव अमीर सुबहानी ने होमगार्ड के जवानों को भेजने पर सहमति जताई है।

प. बंगाल को भेजा जाएगा पत्र
फरक्का बराज में मरम्मत के चलते 31 मार्च तक गाड़ियों का परिचालन बंद रहेगा। इसके चलते वाहनों का दबाव विक्रमशिला पुल पर पड़ रहा है। वीडियो कांफ्रेंसिंग में वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार विमर्श किया गया। पश्चिम बंगाल सरकार को पत्र भेजकर वाहनों को नियंत्रित करने को कहा जाएगा। बिहार सरकार व जिला प्रशासन की तरफ से पत्र जल्द ही भेजा जाएगा।
फेरी सेवा शुरू करने की तैयारी
विक्रमशिला पुल पर वाहनों का लोड कम करने की तैयारी जिला प्रशासन कर रहा है। डीएम ने बताया कि कहलगांव-तिनटंगा के बीच फेरी सेवा शुरू करने का आग्रह अपर मुख्य सचिव और परिवहन विभाग के सचिव से किया गया। फेरी सेवा शुरू होने पर लोड ट्रकों को पार किया जा सकता है। विभाग से अनुमति मिलने पर सेवा शुरू की जा सकती है।

बड़ी गाड़ियों के प्रवेश पर लग सकती रोक
मुख्य सचिव के साथ शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद डीएम प्रणव कुमार ने बताया कि भारी वाहनों के परिचालन का असर विक्रमशिला पुल पर पड़ सकता है। अगर यही हाल रहा तो एक सप्ताह में भारी वाहनों के जिले में प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया जा सकता है। इसकी सूचना संबंधित जिलों को भेज दी जाएगी। इंजीनियरों के साथ बैठक कर निर्णय लिया जाएगा कि कितने टन लोड वाले वाहनों को चलने की अनुमति दी जाए।
मिर्जाचौकी में धर्मकांटा लगाने की तैयारी
वाहनों पर ओवरलोडिंग की जांच करने के लिए मिर्जाचौकी और जीरोमाइल के पास धर्मकांटा लगाने की तैयारी की जा रही है। डीएम ने बताया कि परिवहन विभाग के सचिव ने धर्मकांटा लगाने का आश्वासन दिया है। बाहर से आने वाले वाहनों की जांच धर्मकांटा पर भी जाएगी। क्षमता से अधिक भार रहने पर सामान उतरवाया जाएगा या गाड़ियों के प्रवेश पर रोक लगा दी जाएगी।
घंटाघर से इंजीनियरिंग कॉलेज तक बनेगा फ्लैंक
डीएम ने बताया कि शहरी क्षेत्र में एनएच की मरम्मत करायी गयी है। इसके चलते कालीकरण के बाद सड़क गड्डा हो गया है। वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है। एनएच के इंजीनियर को घंटाघर से इंजीनियरिंग कॉलेज तक सड़क किनारे मिट्टी भरकर फ्लैंक बनाने का निर्देश दिया गया है।
पुल पर क्रेन की व्यवस्था होगी
विक्रमशिला पुल पर जाम नहीं लगे। इसके लिए क्रेन की व्यवस्था की जाएगी। पुल पर अगर गाड़ी खराब हो जाएगी तो तत्काल उसे हटाया जाएगा। मुख्यालय से क्रेन की मांग की गयी।
बाइपास के निर्माण में तेजी लायें
डीएम ने एनएच को बाइपास निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया है। डीएम ने बताया कि मार्च के अंत तक बाइपास का काम पूरा हो जाएगा। बाइपास चालू होने पर कुछ राहत मिल सकती है। नवगछिया 14 नम्बर सड़क की मरम्मत दो दिनों में करने का निर्देश दिया गया है।

ट्रैफिक डीएसपी की मांग
एसएसपी आशीष भारती ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान अपर मुख्य गृह सचिव से भागलपुर में लग रहे जाम को देखते हुए एक ट्रैफिक डीएसपी की तैनाती करने का आग्रह किया। मुख्य सचिव ने संबंधित जिलों के अधिकारियों के साथ कोर्डिनेशन बनाने का निर्देश दिया। मुख्यालय से अधिकारी जाम की समस्या की समीक्षा करने के लिए अगले सप्ताह भागलपुर आएंगे। वीडियो कांफ्रेंसिंग में परिवहन सचिव संजय अग्रवाल भी उपस्थित थे।
जमीन अधिग्रहण के बाद मसाढू पुल का निर्माण
सात जनवरी को मसाढू पुल को तोड़ा जाएगा। इसके चलते सात से 10 जनवरी तक सबौर से कहलगांव के बीच गाड़ियों के परिचालन पर रोक लगा दी गयी है। डीएम ने बताया कि पुल को तोड़ने के बाद ह्यूम पाइप लगाकर सड़क बनाकर वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने पर नया पुल बनाया जाएगा।


