मुंगेर: डीआइजी मनु महाराज ने शनिवार को पहले दिन ही कार्यालय परिसर में जनता दरबार लगा कर लोगों की शिकायत सुनी। प्रमंडल के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याओं को लेकर डीआइजी से गुहार लगाई। डीआइजी ने एक एक कर लोगों की शिकायत सुनी। वहीं, मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर संबंधित थानाध्यक्ष को फोन कर कार्रवाई करने के निर्देश देते रहे।
Total Downloads: 176
खगड़िया जिला के बेलदौर निवासी अब्बास अली ने कहा कि गांव के ही दबंग डायन कह कर मेरी पत्नी की पिटाई करते हैं और थाना जाने पर बड़ा बाबू (थानाध्यक्ष) कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। डीआइजी ने तुरंत बेलदौर थानाध्यक्ष को फोन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, हवेली खड़गपुर के दुलारपुर की सिम्पी देवी, हीना देवी आदि ने डीआइजी को आवेदन देकर कहा कि हमलोगों के पति परदेश में काम करते हैं।

गांव के ही कुछ दबंग जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। विरोध करने पर मारपीट करते हैं। डीआइजी ने महिलाओं से कहा कि आप मुंगेर एसपी से मिल लें। दोषियों पर कार्रवाई होगी। गया जिला बल में कार्यरत बंदे यादव ने डीआइजी को आवेदन देकर बलिया थाना के पुलिस पदाधिकारी पर गलत अनुसंधान कर आरोपितों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया।
बेगूसराय के धनंजय झा ने नगर थाना में एफआइआर दर्ज नहीं किए जाने की शिकायत की। इस पर डीआइजी ने थानाध्यक्ष को फोन कर अविलंब प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। डीआइजी ने कहा कि लोगों की शिकायत नहीं सुनने वाले पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

