भागलपुर। भागलपुर में केंद्रीय विद्यालय (सेंट्रल स्कूल) खुलेगा। इसके लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन, लोहियानगर ने तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय से जमीन मांगी है। सिंडिकेट ने इसकी सहमति दे दी है। अब इस प्रस्ताव को जनवरी में होने वाली सीनेट की बैठक में रखा जाएगा। सहमति मिलते ही संबंधित विभाग को इसकी जानकारी दे दी जाएगी। सब कुछ समय पर चला तो जल्द ही भागलपुर को बड़ा तोहफा मिल जाएगा।
अधिकारियों ने किया जमीन का निरीक्षण
केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए 24 परगना की खाली जमीन को चिह्नित किया गया है। टीएमबीयू के अधिकारियों ने जमीन का निरीक्षण भी कर लिया है। वहां पहले नाले के पानी बहने के कारण जमीन बेकार पड़ी हुई थी। पानी सूखने के बाद खेती की जा रही है। उसी इलाके में ही टीएमबीयू के कर्मियों का सरकारी आवास भी है। साथ ही विश्वविद्यालय बाल निकेतन स्कूल संचालित है।
बाहर जाकर पढऩा होता है मुश्किल
अभी भागलपुर और आस-पास के जिलों के छात्रों को केंद्रीय विद्यालय में पढऩे के लिए बाहर जाना पड़ता है। ऐसे में जिनकी आर्थिक स्थिति खराब होती है, उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। ऐसे में भागलपुर में इस स्कूल के खुल जाने से छात्रों को काफी फायदा होगा। वे लोग भागलपुर में रहकर ही केंद्रीय विद्यालय में पढऩे का सपना पूरा कर सकेंगे।

औने-पौने दाम में जमीन की हुई है बंदोबस्ती
जिस जमीन को केंद्रीय विद्यालय के लिए चिह्नित किया गया है, वहां कई बीघा जमीन है। किंंतु उसे पानी के भाव में बंदोबस्ती के लिए दे दिया गया है। इस जानकारी के बाद कुलसचिव डा. निरंजन प्रसाद यादव और कालेज इंस्पेक्टर डा. संजय कुमार झा ने भी निरीक्षण किया था। बाद में मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
केंद्रीय विद्यालय खोलने को लेकर प्रस्ताव को सीनेट की बैठक में रखा जाएगा। अनुमति मिलने के बाद इस दिशा में आगे की कार्यवाही की जाएगी। – निरंजन प्रसाद यादव, कुलसचिव टीएमबीयू

