नवगछिया । नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद वार्ड संख्या 4 उजानी गांव में शनिवार की सुबह गांव के ही चार-पांच दबंगों ने टोटो चालक मो. कामरान के घर में घुसकर गोलीबारी की। गोलीबारी में मो. कामरान की पत्नी नुझत खातून के बाएं पैर के घुटने में गोली लगी है। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घरवालों की मदद से घायल महिला को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया।
Total Downloads: 166
जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज स्थित जेएलएनएमसीएच भागलपुर रेफर कर दिया। जहां महिला इलाजरत है। गोली उसके घुटने में फंसी हुई है। इधर गोलीबारी की घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस दलबल के साथ उजानी गांव मौके पर पहुंचे और मामले में जांच पड़ताल की। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ व घटना को लेकर जानकारी लिया।
आधी रात को घर में घुसकर मारी गोली
कामरान ने बताया कि वह टोटो चलाता है। शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे अपने परिवार बच्चों के साथ नवगछिया नगर परिषद क्षेत्र के राजेंद्र कॉलोनी स्थित जन वितरण विक्रेता के दुकान पर फिंगर अपडेट करने जा रहा था। घर से कुछ दूर आगे बढ़ने पर गांव के ही मो. मोनू आलम ने टोटो रोककर बैठाने को कहा, जगह नहीं होने के कारण बैठाने से कामरान ने इनकार कर दिया जिसपर दोनों में विवाद हुआ। जहां कामरान के पिता मो. गुलजार और भाई सुफियान ने जब बीच-बचाव किया तो मोनू आलम, मो. तन्नो और मो. भूटो आलम ने मिलकर कामरान और उसके परिवार वालो के साथ मारपीट की।

वहीं मोनू ने कट्टा दिखाते हुए गोली मारने की धमकी दी। मो. कामरान ने नवगछिया थाने में मामले को लेकर आवेदन दिया था। उसी रात जब कामरान के घर के सभी लोग सोए थे। करीब पौने तीन बजे मोनू आलम, सोनू आलम, मो. सब्बी, मो. तन्नो और मो. भूटो घर का टाट तोड़कर घर में घुस आए और गोलीबारी करने लगे। इस दौरान मो. कामरान की पत्नी नुझत खातून (19 वर्ष) के बाएं पैर के घुटने में एक गोली लग गई।
कामरान ने कहा सोनू और मोनू दोनों भाई फोन कर जान मारने की धमकी देता है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त किया है। नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने कहा, आवेदन पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अभियुक्तों के विरुद्ध कार्यवाई की जाएगी।
