नवगछिया : सावन की तीसरी सोमवारी पर ग्रामीण क्षेत्र के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शिवभक्तों ने देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक कर मंगलकामनाएं की। सुबह से ही सभी शिवालयों में जलार्पण के लिए भीड़ देखी गई। बिहपुर के मड़वा गांव स्थित ब्रजलेश्वर धाम में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यहां एक लाख से अधिक शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
शिवभक्तों ने पुष्प, बेलपत्र भांग, धतूरा अर्पित की। इस दौरान हर-हर महादेव, जय बाबा भोले भंडारी के जयकारे से पूरा इलाका गुंजायमान रहा। मेला कमेटी के अध्यक्ष मनोहर चौधरी, सचिव श्यामसुंदर राय, कोषाध्यक्ष विमल शर्मा ने बताया कि सावन की तीसरी सोमवारी पर शिवभक्तों की सेवा के लिए नि:शुल्क पेयजल के साथ दवा की व्यवस्था की गई थी।
मंदिर में पुरुष और महिलओं को अलग-अलग द्वार से प्रवेश कराया गया। शिवभक्तों की भीड़ देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। झंडापुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार व बिहपुर थानाध्यक्ष राहुल ठाकुर लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहे। गोपाल चौधरी, विलास राय, मृत्यंजय पाठक, सुधीर, छोटू, मुन्ना बाबा समेत मड़वा गांव के युवकों ने श्रद्धालुओं की सेवा की।


