नवगछिया : बिहपुर प्रखंड में रविवार को मुहर्रम पर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो गया। बिहपुर मंजिल गाह मैदान में प्रखंड के सभी गांवों की ताजिया अपने-अपने खलिफाओं के नेतृत्व में जुलूस के साथ पहुंची। मंजिल गाह पहुंचने के बाद देर रात सभी अखाड़े ताजिया जुलूस के साथ पहलाम के लिए करबला मैदान की ओर रवाना हुए। इससे पूर्व रविवार को प्रखंड के विभिन्न गांवों में सुबह से ही मातमी धुनों के बीच ताजिया जुलूस परंपरागत तरीके से निकाला गया।

मंजिल गाह मैदान में देर रात पर्व को सीओ लवकुश कुमार, बीडीओ सत्यनारायण पंडित, इंस्पेक्टर पवन सिंह, थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सक्रिय रहे।

खरीक बाजार स्थित गोल चौक पर सभी गांवों से आए निशान जुलूसों का मिलान हुआ। इस दौरान माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण रहा। गोल चौक पर अखाड़ा दलों के युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। युवाओं ने तलवारबाजी, लाठी, अग्नि घुमाना, झंडा खेल, छुरा करतब जैसे पारंपरिक अखाड़ा खेलों का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। करतब देखने के लिए गोल चौक पर काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने अखाड़ा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और करतब के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही।

करतब समाप्त होने के बाद सभी जुलूस निर्धारित अनुशासन के तहत बारी-बारी से गोल चौक से रवाना होकर अपने-अपने गांव की ओर लौट गए। रविवार को सुबह और शाम के समय ताजिया के साथ जुलूस निकाला जाएगा। ताजिया जुलूस के साथ अखाड़ा का प्रदर्शन भी किया जाएगा। देर रात पहलाम के साथ मुहर्रम का पर्व संपन्न हो जाएगा।

 

 

 

 

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....