नवगछिया: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के नामांकन की तारीख नजदीक आते ही प्रत्याशी अब राजनीतिक रणनीति के साथ-साथ ग्रह-नक्षत्रों के सहारे भी जीत का समीकरण साधने में जुट गए हैं।
नामांकन के दिन खाली पेट जाएं या कुछ खाकर, कौन-से रंग के कपड़े पहनें, और शुभ मुहूर्त कौन-सा होगा, इन सवालों के जवाब जानने के लिए कई प्रत्याशी ज्योतिषाचार्यों के दरवाजे खटखटा रहे हैं।
ज्योतिष आचार्य ने बताया कि अनेक प्रत्याशियों ने उनसे नामांकन तिथि व ग्रहों की स्थिति के बारे में परामर्श लिया है। कुंडली में दोष दिखने पर दान-पुण्य, शक्ति पीठों के दर्शन, दीपदान और विशेष रंग के वस्त्र पहनने जैसे उपाय सुझाए जा रहे हैं।

पंडित के अनुसार, नवंबर में ग्रहों की स्थिति चुनावी दृष्टि से अनुकूल रहेगी। शनि मीन राशि में होने से कई पुराने चेहरे टिकट से वंचित रह सकते हैं, जबकि नए चेहरे सत्ता में अपनी दावेदारी मजबूत कर सकते हैं। जिन प्रत्याशियों की कुंडली में सूर्य, मंगल, गुरु, शुक्र जैसे ग्रह प्रबल हैं, उनकी जीत की संभावना अधिक मानी जा रही है।
शुभ नक्षत्रों में रोहिणी, मृगशिरा, पुनर्वसु, पुष्य, हस्त, स्वाति, धनिष्ठा, शतभिषा और रेवती को श्रेष्ठ बताया गया है।
वहीं पंडित राघव झा का कहना है कि कई प्रत्याशी फोन पर भी शुभ मुहूर्त और खानपान की सलाह ले रहे हैं।
उनके अनुसार—
रविवार: पान
सोमवार: दूध-चावल
मंगलवार: गुड़
बुधवार: धनिया
गुरुवार: जीरा
शुक्रवार: दही
शनिवार: अदरक का टुकड़ा खाकर निकलना शुभ माना गया है।
साथ ही नामांकन के दिन यदि सफेद घोड़ा, बैल, गाय, हाथी, मछली, चिड़िया या मोर का दर्शन हो जाए या उनका चित्र दिख जाए, तो इसे अत्यंत शुभ संकेत माना गया है।

