नवगछिया। आगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 एवं पर्व-त्योहारों के मद्देनज़र नवगछिया पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देशन में अवैध आग्नेयास्त्रों की बरामदगी, मादक पदार्थों की रोकथाम, अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी तथा लंबित वारंट एवं कुर्की अधिपत्रों की तामिला के विरुद्ध जिलेभर में लगातार अभियान जारी है।
इसी क्रम में शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर बिहपुर थाना पुलिस टीम ने छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की।
टीम ने बिहपुर थाना क्षेत्र के अमरी विशनपुर निवासी गुल्टा कुमार (पिता – गंगा राम मंडल) को एक लोडेड देशी रायफल के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से हथियार को जब्त कर लिया और आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।

वहीं, इसी दौरान बिहपुर थाना कांड संख्या–211/23 में फरार चल रहे अभियुक्त राजकुमार मंडल (निवासी – निरुद्दीनपुर दुधेला, पिता – रामदेव मंडल) के विरुद्ध भी पुलिस ने विशेष छापेमारी की।
राजकुमार के बासा (अस्थायी ठिकाने) से एक देशी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। हालांकि राजकुमार मंडल मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों मामलों में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच हेतु भेजा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक नवगछिया ने बताया कि विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र अवैध हथियार रखने वालों, आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों और शराब/मादक पदार्थ कारोबारियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि चुनाव एवं त्योहारों का माहौल शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाया जा सके।

