नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक आपराधिक घटना का खुलासा हुआ, जब नारायणपुर बोरनाहा चोड़ स्थित बाढ़ के पानी से भरे खेत से 20 वर्षीय नंदन कुमार का शव बरामद किया गया। नंदन पोखरिया बलिया निवासी किशोर यादव के पुत्र थे और पिछले सात दिनों से लापता थे।


27 नवंबर से था लापता

परिजनों ने नंदन की गुमशुदगी की शिकायत बलिया थाना में 27 नवंबर को दर्ज कराई थी। भवानीपुर और बलिया पुलिस ने संयुक्त रूप से उसकी खोज में प्रयास जारी रखे थे। गुरुवार को संदिग्धों से पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर शव को पानी से बाहर निकाला गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नंदन पढ़ाई करता था और पुलिस को उसके कुछ साथियों पर संदेह है। परिजनों का कहना है कि 27 नवंबर की सुबह करीब 7:45 बजे वह घर से निकला, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। उसका मोबाइल भी उसी रात से बंद था।


परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्थानीय युवकों ने उसे बुलाकर मारपीट की और उसके बाद उसे नारायणपुर गांव के पास खेत में ले जाकर हाथ-पैर बांधकर पानी में डुबो दिया गया। घटनास्थल से नंदन का जूता बरामद हुआ है और उसके कपड़ों से ही हाथ बांधने के निशान मिले हैं, जो घटना को संदिग्ध बना रहे हैं।


संदिग्धों की निशानदेही पर बरामद हुआ शव

सूत्रों के अनुसार, पुलिस द्वारा पकड़े गए संदिग्धों की निशानदेही पर ही शव बरामद किया गया। भवानीपुर थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि इस मामले की प्राथमिकी बलिया थाना में दर्ज की जाएगी और पुलिस उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *