नवगछिया । नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबा बिषु रावत रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक अज्ञात युवती की लहूलुहान लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती के शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतका के गले, पीठ और मुंह पर नाखून से किए गए वार के निशान मिले हैं, जबकि नाक से खून बहने के संकेत भी पाए गए हैं। युवती की उम्र करीब 18 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसने ऊपर काले रंग का कपड़ा और नीचे लाल रंग का पजामा पहन रखा था तथा पैरों में जूते भी थे।
घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब माघ पूर्णिमा को लेकर सड़क पर जाम लगा हुआ था। जाम के दौरान लोगों की नजर ओवरब्रिज के नीचे पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद नवगछिया पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में एसडीपीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस को घटनास्थल से न तो खून के छींटे मिले हैं और न ही संघर्ष के स्पष्ट निशान, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवती संभवतः दौड़ (रनिंग) के लिए निकली होगी, इसी दौरान उसके साथ अनहोनी हुई हो सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि युवती की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और फोटो भी जारी किया गया है। पहचान होने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

