नवगछिया स्टेशन रोड पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बुजुर्ग महिला अचानक सड़क पर अचेत होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 आपातकालीन सेवा की टीम, जिसमें राहुल राज और उनके सहयोगी शामिल थे, तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने महिला को संभालते हुए इलाज के लिए सीधे अस्पताल पहुंचाया।
घायल महिला की पहचान छोटी सिमरा निवासी पृथ्वी शाह की 65 वर्षीय पत्नी रामू देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह राजेंद्र कॉलोनी जा रही थीं, तभी अचानक चक्कर आने से सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में चोट लग गई।

उन्हें इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस टीम ने उन्हें सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने डायल 112 टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि अगर समय पर मदद नहीं मिलती तो महिला की हालत गंभीर हो सकती थी।

