नवगछिया अनुमंडल के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सधुआ बाजार में रविवार अहले सुबह करीब चार बजे अचानक भीषण अग्निकांड से अफरातफरी मच गई।

यह घटना कटरिया रेलवे स्टेशन के समीप स्थित बाजार की बताई जा रही है, जहां अचानक कई दुकानों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आधा दर्जन से अधिक दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही ग्रामीणों ने सबसे पहले बिजली विभाग को सूचना देकर इलाके की बिजली कटवाई। इसके बाद आसपास के फायर स्टेशनों और रंगरा थाना को सूचना दी गई।

ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, जिससे आग को फैलने से कुछ हद तक रोका जा सका। बाजार के पास बिजली ट्रांसफार्मर होने से स्थिति और भी खतरनाक बनी हुई थी।

इसी दौरान दुकानों में रखे गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक जोरदार विस्फोट होने लगे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।


दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

सूचना मिलते ही रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। साथ ही

  • नवगछिया फायर स्टेशन

  • गोपालपुर फायर स्टेशन

  • साहू परबत्ता फायर स्टेशन

से दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।


लाखों का नुकसान, जांच जारी

इस अग्निकांड में शिव यादव, राजेंद्र रजक और सुधीर ठाकुर सहित कई दुकानदारों की दुकानें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 2 से 3 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

 

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *