नवगछिया के तेतरी गांव स्थित आम के बगीचे में बुधवार को एक गरूड़ पेड़ से गिरकर घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घायल गरूड़ को सुरक्षित कब्जे में लिया। वन विभाग के अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि गरूड़ उड़ने की स्थिति में नहीं था और संभवतः गिरने से उसे अंदरूनी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित सुंदर वन भेज दिया गया है।
तेतरी गांव की छात्रा नियति कुमारी ने सबसे पहले गरूड़ को मूर्छित अवस्था में देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। कदवा इलाका गरूड़ों के प्रमुख प्रजनन क्षेत्रों में गिना जाता है। वन विभाग की टीम समय-समय पर यहां घोंसलों की निगरानी, स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करती रहती है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी वन्य जीव को घायल अवस्था में देखें तो उसे छेड़छाड़ न करें और तुरंत विभाग को सूचना दें।

