नवगछिया थाना क्षेत्र के राजेन्द्र कॉलोनी स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में एक युवक के साथ मारपीट और छिनतई का मामला सामने आया है। पीड़ित राजेश गुप्ता ने शनिवार को इस संबंध में जानकारी दी।
Total Downloads: 49
राजेश गुप्ता के अनुसार, वह अपनी दुकान से मंदिर में प्रणाम करने गए थे। उसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर, गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि विनोद गुप्ता, विजय आनंद, अजय आनंद उर्फ मिथुन, महुआ पीका गुप्ता और सरोज कुमार कर्मचारी सहित कुछ अन्य अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट की और गाली-गलौज भी की।

राजेश गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनकी जेब से दो हजार रुपये नकद और गले से सोने की चेन छीन ली। साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस मामले में नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि उन्हें आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
