नवगछिया प्रखंड के खरीक थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां मात्र 15 दिन के नवजात शिशु की तकिये से दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया है।
Total Downloads: 49
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, काजल देवी अपने नवजात बच्चे के साथ मायके आई हुई थीं। मंगलवार की सुबह घर के सभी लोग छत पर थे, जबकि नवजात कमरे में अकेला सो रहा था। इसी दौरान बच्चों के बीच चप्पल फेंकने जैसी छोटी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि इस विवाद से नाराज पड़ोसी जयहिंद पासवान घर में घुस गया और कमरे में सो रहे नवजात को तकिये से दबाकर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान उसकी पत्नी नीलम देवी गेट पर खड़ी रही और उसने घटना को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया।

ऐसे हुई आरोपी की पहचान
घटना के बाद आरोपी का मोबाइल फोन और चप्पल मौके पर ही छूट गए, जिससे उसकी पहचान हो गई। जब परिजनों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर उसे भागने में मदद की।
पुलिस की कार्रवाई
परिजन बच्चे को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपी जयहिंद पासवान और उसकी पत्नी नीलम देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस घटना के बाद मां काजल देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक, उनके पहले से तीन बेटियां हैं और यह उनका इकलौता बेटा था। बच्चे के पिता मजदूरी के लिए बाहर रहते हैं और घटना की खबर मिलते ही घर लौट रहे हैं।
