नवगछिया। आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे दो बदमाशों को पुलिस ने मंगलवार की रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के कमलाकुंड निवासी मुकेश यादव और गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा गांव निवासी राजू यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी कट्टा और 31 कारतूस बरामद किया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के फुलकिया दियारा में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से जमा हुए हैं। सूचना मिलते ही नवगछिया एसपी राजेश कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ ओमप्रकाश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

इस टीम में नवगछिया आदर्श थाना और इस्माइलपुर थाना के पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फुलकिया दियारा में छापेमारी की और मौके से दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार मुकेश यादव का आपराधिक इतिहास पुराना रहा है। उसके खिलाफ इस्माइलपुर थाना में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत कुल 8 मामले दर्ज हैं। बताया गया कि वह रंगदारी और आर्म्स एक्ट के मामले में कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।

वहीं, गिरफ्तार राजू यादव के खिलाफ भी तीन आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

इस संबंध में एसपी राजेश कुमार ने बताया कि दोनों गिरफ्तार अपराधियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार और कारतूस उन्होंने कहां से खरीदे और वे किस घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे।

पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *