नवगछिया: खरीक थाना क्षेत्र के मिरजाफरी नवटोलिया गांव से एक नाबालिग छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। मामले को लेकर छात्रा के पिता कृष्ण कुमार गुप्ता ने गांव के ही युवक विवेक कुमार उर्फ बिट्टू पर शादी की नीयत से उनकी 16 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है।

Whatsapp group Join

पीड़ित पिता ने खरीक थाना में दिए आवेदन में बताया कि उनकी बेटी 19 मई को इंटर की कॉपी खरीदने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी देर तक इंतजार के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की, मगर छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल सका।

परिजनों को बाद में जानकारी मिली कि गांव का ही विवेक कुमार उर्फ बिट्टू छात्रा को अपने साथ लेकर फरार हो गया है।

घर से नकद और जेवर ले जाने का आरोप

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि छात्रा घर से करीब 50 हजार रुपये नकद, सोने की बाली, मंगलसूत्र और पायल भी अपने साथ ले गई है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि जब वे आरोपित के घर जानकारी लेने पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की। साथ ही जान से मारने और गांव छोड़ने की धमकी भी दी गई।

अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका

परिवार ने आशंका जताई है कि इस पूरे मामले में कुछ अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है। घटना के बाद से परिजन काफी परेशान हैं और जल्द छात्रा की बरामदगी की मांग कर रहे हैं।

प्राथमिकी दर्ज, पुलिस कर रही छापेमारी

खरीक थाना प्रभारी नरेश Kumar ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अपहृता छात्रा और आरोपित युवक की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *