नवगछिया। मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की गुरुवार सुबह सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान जयमंगल टोला निवासी योगेंद्र मंडल के 30 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Whatsapp group Join

परिजनों के अनुसार, 25 मई की रात जाह्नवी चौक पर गांव के कुछ युवकों के बीच कथित रूप से शराब तस्करी से जुड़े पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान संदीप कुमार वहां पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच विवाद को शांत कराने का प्रयास किया।

आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने संदीप कुमार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।

संदीप कुमार की मौत के बाद परिजनों ने घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *