नवगछिया/भागलपुर: भागलपुर जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र में एक युवक को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर महिला की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर महिला को लगातार परेशान करने और उसके परिजनों के साथ मारपीट करने का भी आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को पीड़िता ने भवानीपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया कि भ्रमरपुर निवासी बिट्टू कुमार राम मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार उसे परेशान कर रहा था।
महिला ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी ने AI तकनीक का इस्तेमाल कर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो तैयार किए तथा उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। साथ ही आरोपी ने पीड़िता के परिजनों के साथ मारपीट भी की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए भवानीपुर थाना में कांड संख्या 134/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बिट्टू कुमार राम, पिता अर्जुन राम, निवासी भ्रमरपुर (थाना भवानीपुर, जिला भागलपुर) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे जांच जारी है।

