भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित सांसद अजय मंडल के कार्यालय में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने कार्यालय का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान, कंप्यूटर, सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार को कार्यालय बंद था। सोमवार सुबह कार्यालय के सचिव गौरव कुमार पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर कार्यालय का सामान बिखरा हुआ था और कई जरूरी वस्तुएं गायब थीं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोर सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। माना जा रहा है कि पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए डीवीआर को निशाना बनाया गया। इसके अलावा कंप्यूटर, महत्वपूर्ण फाइलें और कई गोपनीय दस्तावेज भी चोरी हुए हैं। चोरों ने कार्यालय की आलमारियों को भी खंगाला, जिससे अंदेशा है कि उन्होंने काफी समय तक कार्यालय के अंदर रहकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही तिलकामांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
कार्यालय सचिव गौरव कुमार ने बताया कि कार्यालय पहुंचने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो चोरी की घटना हो चुकी थी और कई महत्वपूर्ण सामान गायब थे।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने अपराधी शामिल थे और क्या उन्हें कार्यालय में रखे सामान की पहले से जानकारी थी। फिलहाल पुलिस तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच कर रही है तथा चोरी गए सामान की सूची तैयार की जा रही है।

