नवगछिया पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल कुख्यात सिंटू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
Total Downloads: 47
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि सिंटू यादव लंबे समय से पुलिस के रडार पर था और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर खरीक थाना क्षेत्र के अम्भो भगवती स्थान के समीप छापेमारी कर उसे दबोचा गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सिंटू यादव के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी वसूली, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और पुलिस पर हमला जैसे गंभीर मामलों समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।

एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि नवगछिया पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध हथियारों की बरामदगी और संगठित अपराध पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
पुलिस का मानना है कि सिंटू यादव की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। साथ ही यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
