मालवाहक वाहनों पर समयबद्ध रोक और अतिरिक्त तैनाती का दिखा असर, दिनभर सुचारु रहा आवागमन
विक्रमशिला पुल पर लागू की गई नई ट्रैफिक व्यवस्था का सकारात्मक असर मंगलवार को देखने को मिला। पुल चालू होने के बाद तीसरे दिन यात्रियों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिली। सुबह से लेकर शाम तक वाहनों की आवाजाही सुचारु रही और लोगों ने बिना किसी बड़ी परेशानी के सफर किया।
ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि सुबह पांच बजे से रात नौ बजे तक चारपहिया मालवाहक वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है। हालांकि तीनपहिया मालवाहक वाहनों को छूट दी गई है। उनके अनुसार मालवाहकों के दबाव में कमी आने से पुल पर यात्री वाहनों का आवागमन सामान्य बना रहा और जाम की स्थिति नहीं बनी।
सोमवार को लगे भीषण जाम के बाद प्रशासन ने मंगलवार को अतिरिक्त कदम उठाए। ट्रैफिक डीएसपी के निर्देश पर पुल पर दो शिफ्ट में चार अतिरिक्त दंडाधिकारियों की तैनाती की गई। प्रत्येक दंडाधिकारी के साथ एक सिपाही और एक होमगार्ड जवान को भी लगाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था पर बेहतर नियंत्रण रखा जा सका।

इस दौरान पुल पर ड्यूटी कर रही महिला पुलिसकर्मियों और कुछ टोटो चालकों के बीच बहस भी हुई। पुलिसकर्मियों का कहना था कि प्रतिबंध के बावजूद कुछ टोटो चालक जबरन पुल पार करने की कोशिश कर रहे थे, जिसे रोकने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।
प्रशासन ने छोटे व्यवसायियों की जरूरतों का भी ध्यान रखा है। नवगछिया से भागलपुर सब्जी और अन्य सामान बेचने आने वाले कारोबारियों के लिए तीनपहिया मालवाहक वाहनों के परिचालन की अनुमति दी गई है, ताकि उनके रोजगार पर असर न पड़े।
वहीं, कुछ यात्रियों को नवगछिया की ओर से सवारी वाहन नहीं मिलने के कारण पैदल ही पुल पार करना पड़ा। हालांकि अन्य दिनों की तुलना में ऐसे लोगों की संख्या काफी कम रही।

