सुकटिया बाजार और तिरासी गांव में जांच, दवाएं जब्त; विभाग ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
गोपालपुर प्रखंड में बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर और निजी क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को सघन अभियान चलाया। ड्रग इंस्पेक्टर और गोपालपुर सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार के नेतृत्व में सुकटिया बाजार और तिरासी गांव में छापेमारी कर कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
जांच के दौरान सुकटिया बाजार स्थित विक्रम मेडिकल के संचालक से दवा बिक्री का लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वहीं निरंजन कुमार की निजी क्लीनिक जांच टीम के पहुंचने पर बंद मिली।
तिरासी गांव में एक मेडिकल स्टोर की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों ने पाया कि संचालक के पास दवा बिक्री का वैध लाइसेंस नहीं था। साथ ही दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित आवश्यक कागजात भी उपलब्ध नहीं कराए गए। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए अधिकारियों ने दुकान में रखी दवाओं को जब्त कर लिया।

सीएचसी प्रभारी डॉ. सुधांशु Kumar ने बताया कि विभाग को लगातार अवैध रूप से संचालित क्लीनिक और मेडिकल स्टोरों की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई है और आगे भी ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच के दौरान गोपालपुर थाना के दारोगा रसनदेव पासवान समेत पुलिस बल भी मौजूद रहा।

