मानसून की दस्तक से मौसम हुआ सुहाना, बारिश ने दिलाई भीषण गर्मी से राहत

भागलपुर: गर्मी और उमस से परेशान जिलेवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे के दौरान भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम के करवट लेने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार इस दौरान तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में वज्रपात की भी आशंका व्यक्त की गई है।

बुधवार को भागलपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 6:40 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 79 प्रतिशत रही, जो दोपहर 1:40 बजे 61 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। वहीं दक्षिण-पूर्व दिशा से करीब 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। पिछले कई दिनों से तापमान अपेक्षाकृत कम रहने के बावजूद वातावरण में नमी अधिक होने से लोगों को उमस और बेचैनी का सामना करना पड़ रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार संभावित बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की सलाह भी दी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....