नवगछिया: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नवगछिया जिला इकाई ने मंगलवार को ‘बारह साल बेमिसाल’ अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। जिला अध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई तथा जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिले के विभिन्न मंडलों और बाजारों में लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय प्रभारी राकेश कुमार का रंगरा चौक पर माला एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर राकेश कुमार ने कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन के बल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की सेवा का लंबा अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान और ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

उन्होंने केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस दौरान आम लोगों के बीच योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाओं का भी वितरण किया गया।
अभियान को सफल बनाने में पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पाण्डेय, जिला महामंत्री मुरारी लाल चिरानिया, जिला मंत्री बासुकी मंडल एवं रवि कुमार रंजन, जिला प्रवक्ता कौशल जायसवाल, पंचायती राज प्रकोष्ठ संयोजक जिम्मी ठाकुर, नगर अध्यक्ष दीपक भगत, नगर निकाय प्रकोष्ठ संयोजक अनिल केजरीवाल, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष शंभू पासवान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
यह जनसंपर्क अभियान रंगरा, तराशी, सुगठिया बाजार, तीनटंगा, करारी, सैदपुर, अभिया, लात्तिपाकर, गोसाईगांव, हरनाचक, हॉस्पिटल चौक, गौशाला रोड, मुख्य बाजार रोड, स्टेशन रोड और महाराजजी चौक समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया। अभियान के दौरान लोगों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रति उत्साह एवं विश्वास देखने को मिला।

