नवगछिया: नवगछिया साइबर थाना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार चार लोगों को बड़ी राहत दिलाई है। विभिन्न मामलों में ठगी गई कुल 53 हजार रुपये से अधिक की राशि वापस कराने में पुलिस को सफलता मिली है।
Total Downloads: 84
साइबर थाना की पहल पर महेशपुर निवासी पंकज कुमार यादव के खाते से ठगे गए 40 हजार रुपये वापस कराए गए। वहीं खरीक निवासी बिट्टू राज के 8 हजार रुपये, नया टोला नवगछिया निवासी श्रवण कुमार के 5 हजार रुपये तथा राघोपुर निवासी सुमित कुमार सुमन के 898 रुपये की राशि की भी रिकवरी कर पीड़ितों को राहत पहुंचाई गई।
साइबर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि साइबर ठगी के मामलों में समय पर शिकायत दर्ज कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि घटना के तुरंत बाद सूचना मिलने पर संबंधित बैंक और एजेंसियों के सहयोग से ठगी गई राशि को होल्ड कर वापस कराने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, यूपीआई फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी या सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
साइबर थाना प्रभारी ने कहा कि जागरूकता और त्वरित शिकायत ही साइबर अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने का सबसे सशक्त माध्यम है। हाल के दिनों में कई पीड़ितों की राशि वापस कराकर नवगछिया साइबर थाना ने यह साबित किया है कि समय रहते कार्रवाई करने पर साइबर ठगी के मामलों में राहत संभव है।
