नवगछिया: बारिश और तेज आंधी के दौरान हुए वज्रपात ने भारी तबाही मचाई। जानकारी के अनुसार, नवगछिया के डुमरिया गांव निवासी सुनील कुमार (25) खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सुनील कुमार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गोपालपुर के तिनटंगा करारी गांव की 25 वर्षीय हीना देवी, 16 वर्षीय किरण कुमारी तथा बाबू टोला कमलाकुंड गाछी टोला की 40 वर्षीय सरिता देवी वज्रपात की चपेट में आकर घायल हो गईं। इनमें हीना देवी और सरिता देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया है।

राज्य के अन्य जिलों में भी वज्रपात की घटनाओं में लोगों की जान गई है, जबकि कई लोग घायल और झुलस गए हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।

