बिहपुर। बिहपुर प्रखंड के मिलकी पंचायत के वार्ड संख्या-10 स्थित अंसारी टोला में गुरुवार रात हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल 48 वर्षीय सरफराज अंसारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरफराज अंसारी के सौतेले भाई रहीम अंसारी और उनके बहनोई आमिर हमजा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान झगड़ा शांत कराने के उद्देश्य से सरफराज अंसारी बीच-बचाव करने पहुंचे।
आरोप है कि बीच-बचाव के दौरान सरफराज अंसारी पर हमला कर दिया गया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह घटनास्थल पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल रेफर किया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर भेजा गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बिहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक पक्ष के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

