नवगछिया: प्रखंड संसाधन केंद्र, नारायणपुर में शनिवार को विज्ञान एवं गणित विषयों में छात्रों के अधिगम स्तर में सुधार के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रखंड के सभी मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों तथा विज्ञान एवं गणित के नामित शिक्षकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण (Activity-Based Learning), गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, परियोजना आधारित अधिगम (Project-Based Learning) और विद्यालय स्तर पर इनके प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों ने परियोजना आधारित अधिगम (पीबीएल) के विभिन्न मॉडल, नवाचारपूर्ण गतिविधियों और कक्षा शिक्षण में उनके प्रभावी उपयोग पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के लिए व्यवहारिक एवं सहभागितापूर्ण शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यशाला में इस बात पर बल दिया गया कि विज्ञान और गणित जैसे विषयों को केवल सैद्धांतिक न रखकर गतिविधियों और परियोजनाओं के माध्यम से पढ़ाने से विद्यार्थियों की समझ, रुचि और सीखने की क्षमता में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है।

