नवगछिया पुलिस जिले के भवानीपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने नारायणपुर चौक से 12.75 लीटर विदेशी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ कुमार (पिता- मुन्ना सिंह) और हरेराम कुमार (पिता- मुकेश सिंह) के रूप में हुई है। दोनों खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के छोटी पसराहा गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि नारायणपुर चौक के पास शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद भवानीपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान दोनों आरोपियों को 12.75 लीटर विदेशी शराब के साथ मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में भवानीपुर थाना में कांड संख्या 160/26 दिनांक 28 जून 2026 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2018 की धारा 30(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही शराब की खेप के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

