नवगछिया: नारायणपुर में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर हाईवा हादसे में मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब 45 मिनट तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
Total Downloads: 375
दरअसल, हाल ही में खगड़िया की ओर से आ रहा बालू लदा एक हाईवा अनियंत्रित होकर भवानीपुर थाना के सामने सड़क किनारे बनी तीन झोपड़ियों पर पलट गया था। इस भीषण हादसे में मलबे के नीचे दबकर दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए थे।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नवगछिया ट्रैफिक एसडीपीओ अनिल कुमार, अंचल अधिकारी विशाल अग्रवाल तथा स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।

एसडीपीओ अनिल कुमार ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकारी प्रावधानों के अनुसार उन्हें निर्धारित मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा और सभी आवश्यक राहत एवं कानूनी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी की जाएंगी।
प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने करीब 45 मिनट बाद सड़क जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया और राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर वाहनों की आवाजाही फिर से सुचारु हो गई।
