ज्वेलर्स दुकान में चोरी की कोशिश नाकाम

नारायणपुर: प्रखंड के मधुरापुर बाजार स्थित एक ज्वेलर्स दुकान में सोमवार की अहले सुबह चोरी का प्रयास किया गया। बदमाश दुकान से नकदी और कुछ सामान लेकर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन दुकान मालिक और उनके बेटे ने साहस दिखाते हुए पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया। जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे की है। मधुरापुर बाजार में गोपाल पोद्दार के पुत्र रोहित कुमार की ज्वेलरी दुकान का ताला तोड़कर दो अज्ञात बदमाश अंदर घुस गए। इसी दौरान दुकान में लगे सुरक्षा सिस्टम का अलार्म मोबाइल पर बज उठा। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर गोपाल पोद्दार और उनके बेटे तुरंत दुकान पर पहुंचे।

दुकान मालिक को देखते ही दोनों बदमाश भागने लगे। पिता-पुत्र ने उनका पीछा किया और काफी देर तक हुई हाथापाई के बाद एक बदमाश को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मधेपुरा जिले के चौसा निवासी गांधी यादव, पिता स्वर्गीय जवाहर यादव, के रूप में हुई है। वहीं दूसरा आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।

प्राथमिक जांच में पता चला कि बदमाश दुकान से कुछ सजावटी हार, एक हेडफोन और करीब 7,700 रुपये नकद ले गए थे। इसके अलावा दुकान के चार ताले भी टूटे हुए मिले।

घटना की सूचना मिलने पर भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

deneme bonusu