खरीक में 154 ग्राम स्मैक के साथ बाइक सवार दो तस्कर गिरफ्तार, ₹10 हजार नकद बरामद
खरीक प्रखंड में परबत्ता थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 154 ग्राम स्मैक और 10 हजार रुपये नकद के साथ बाइक सवार दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के अभिया गांव निवासी डियम कुमार और रंजीत कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, परबत्ता थाना पुलिस खगड़ा चौक के समीप नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से 154 ग्राम स्मैक और 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

