भागलपुर। भागलपुर रेंज के अंतर्गत आने वाले भागलपुर, नवगछिया और बांका जिले में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रेंज आईजी के आदेश के बाद चालक संवर्ग के 33 पुलिसकर्मियों को विभिन्न पदों पर प्रोन्नति दी गई है। इस सूची में चालक सिपाही से चालक हवलदार, चालक हवलदार से सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) और सहायक अवर निरीक्षक से अवर निरीक्षक (एसआई) पद पर पदोन्नति शामिल है।
रेंज आईजी विवेक कुमार ने सामान्य प्रशासन विभाग से संपुष्टि मिलने के बाद प्रोन्नति संबंधी आधिकारिक आदेश जारी किया। जारी सूची के अनुसार सर्वाधिक 27 पुलिसकर्मी भागलपुर जिले से, पांच नवगछिया पुलिस जिले से तथा एक पुलिसकर्मी बांका जिले से प्रोन्नत हुए हैं।
आईजी विवेक कुमार ने कहा कि इस बड़े पैमाने पर हुए प्रमोशन से रेंज में पुलिस अधिकारियों की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने और विभागीय कार्यों के निष्पादन में गति आएगी।

चार परिवहन दरोगा बने परिवहन इंस्पेक्टर
चालक संवर्ग के 28 परिवहन दरोगा को प्रोन्नत कर परिवहन इंस्पेक्टर बनाया गया है। इनमें भागलपुर रेंज के चार अधिकारी शामिल हैं। नवगछिया से महेश यादव, प्रभु नारायण सिंह और रामनरेश पांडेय, जबकि भागलपुर से अशोक कुमार को परिवहन इंस्पेक्टर के पद पर प्रोन्नति मिली है। इसके अलावा चालक संवर्ग के 27 सहायक अवर निरीक्षकों (परिवहन) को परिवहन अवर निरीक्षक के वेतनमान के साथ अस्थायी कार्यकारी प्रभार भी सौंपा गया है।
एएसआई और चालक हवलदार पद पर भी पदोन्नति
पुलिस मुख्यालय द्वारा चालक हवलदार संवर्ग के 76 कर्मियों को सहायक अवर निरीक्षक (परिवहन) के पद पर प्रोन्नत किया गया है। इनमें भागलपुर में तैनात कन्हाई कुमार और रंजीत कुमार सिंह भी शामिल हैं।
वहीं, चालक संवर्ग के 212 पुलिसकर्मियों को चालक हवलदार बनाया गया है। भागलपुर से ओमप्रकाश साह, कुलभूषण कुमार, राजीव कुमार सिंह, मोजम्मिल अंसारी, अंकित कुमार, धर्मेंद्र कुमार, सुनील कुमार, दिनेश कुमार, सुधीर पांडेय, आलोक कुमार, चंद्रभान सिंह, मुहम्मद नौशाद, शुभचंद्र सिंह, राकेश कुमार, अक्षयवर चौधरी, मुहम्मद रऊफ, बाबू लाल मुर्मू, राधा मोहन सिंह, कृष्णा प्रसाद और सतीश कुमार सहित कई कर्मियों को पदोन्नति मिली है।
नवगछिया पुलिस जिले में तैनात राजेश कुमार राम को भी चालक हवलदार के पद पर प्रोन्नत किया गया है। विभाग ने सभी प्रोन्नत पुलिसकर्मियों को शीघ्र नए पद पर योगदान देने का निर्देश दिया है।
पदोन्नति की घोषणा के बाद पुलिसकर्मियों में खुशी का माहौल है। अधिकारियों का मानना है कि इससे पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा और आम जनता को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

